फिर से बंद हो सकती है दिल्ली की जामा मस्जिद, शाही इमाम ने लोगों से मांगी राय

- शाही इमाम के सचिव अमानुल्लाह की कोरोना वायरस से मौत
नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में कोरोना से बिगड़ती स्थिति को देखते हुए जामा मस्जिद को फिर से बंद करना पड़ सकता है। शाही इमाम के सचिव अमानुल्लाह की मंगलवार रात सफदरजंग अस्पताल में कोरोना वायरस (कोविड-19) के कारण मौत हो गई थी।
इमाम सैयद बुखारी ने कहा कि सचिव अमानुल्लाह के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उन्हें गत तीन जून को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने कल अंतिम सांस ली। शाही इमाम ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कोरोन वायरस मामलों की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर ऐतिहासिक मस्जिद को फिर से बंद करने पर लोगों की राय मांगी गई है। लोग जामा मस्जिद को बंद करने पर सोशल मीडिया और अन्य चैनलों के माध्यम से अपने विचार दे रहे हैं। हम फिर से इसे लोगों के लिए बंद कर सकते हैं और एक या दो दिन में कुछ लोगों के लिए ‘नमाज’ को सीमित कर सकते हैं। बुखारी ने कहा कि “मैंने अन्य छोटी मस्जिदों से भी लोगों से घरों में रहने और मस्जिदों के बजाय घर में ही ‘नमाज’ अदा करने की अपील करने के लिए कहा है। ऐसे वक्त में मस्जिदों में जाना सही नहीं है जब दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले चरम पर हैं जबकि हमने लॉकडाउन के कारण रमजान के दौरान और ईद पर भी ऐसा नहीं किया था।
उल्लेखनीय है कि 8 जून को देश भर में शॉपिंग मॉल और कार्यालयों जैसे कई अन्य प्रतिष्ठानों के साथ-साथ धार्मिक स्थानों को खोला गया। जामा मस्जिद को भी 8 जून को दो महीने के अंतराल के बाद खोला गया था। बुखारी ने कोरोनो वायरस के तेजी से प्रसार को देखते हुए सरकारों से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है।
The post फिर से बंद हो सकती है दिल्ली की जामा मस्जिद, शाही इमाम ने लोगों से मांगी राय appeared first on Dainik Bhaskar | Uttar Pradesh News, UP Dainikbhaskar.
Comments
Post a Comment